
सिवनी मालवा / मप्र जन अभियान परिषद के सहयोग से राज्य आनंद संस्थान (आनंद विभाग) द्वारा शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों को आनंद की अनुभूति कराने तथा उनके जीवन कार्यों में सकारात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में अल्पविराम परिचय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसी श्रृंखला में जनपद पंचायत सिवनी मालवा के सभाकक्ष में एकदिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई। अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, जपं सीईओ श्रुति चौधरी, जिला संपर्क व्यक्ति राज्य आनंद संस्थान एवं जअप के संभाग समन्वयक कौशलेश प्रताप तिवारी, जिला समन्वयक पवन सहगल, विखं समन्वयक हरिदास दायमा उपस्थित रहे। आनंद विभाग की ओर से मास्टर ट्रेनर के रूप में अर्चना गौर, मंजू दायमा, कुमकुम नागेश, अमित मिश्रा, गजानन मालवीय, मुकेश शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि खुशी, प्रसन्नता, उत्साह व आनंद के साथ हम हमारे दैनिक जीवन के कार्यों को करते हैं तो हमारे कार्यों में और निखार आता है। भागदौड़ भरे जीवन में शांति बहुत जरूरी है और आनंद विभाग द्वारा यह कार्य सभी शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों के लिए किया जा रहा है, जिससे हम लोग प्रसन्न होकर कार्य को रुचि से करें। हर समय सकारात्मक भाव रखें। मास्टर ट्रेनर (प्रशिक्षकों) ने अल्पविराम कार्यशाला के प्रतिभागियों के बीच विस्तार से कार्यशाला के उद्देश्यों को बताते हुए हमारे जीवन कार्यों को तनाव मुक्त कर आनंद की अनुभूति के टिप्स बताए। प्रतिभागियों को जीवन का लेखा-जोखा, संपर्क, सुधार एवं दिशा के माध्यम से अपने जीवन को कैसे दिशा दी जाये, इसके बारें में अनुभव साझा किए। हैप्पीनेस इंडेक्स में भारत की स्थिति एवं फ्रीडम ग्लास प्रायोगिक गतिविधि के माध्यम से बताया कि मनुष्य कैसे अपने जीवन की बुराइयों, ईर्ष्या, द्वेष, जलन को दूर कर सकता है। समापन सत्र में उपस्थित प्रतिभागियों ने अपने अनुभव सभी के समक्ष रखे तथा कार्यक्रम की सार्थकता से जुड़े अनुभव शेयर किए। इस कार्यशाला में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, आजीविका मिशन, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित थे। कार्यक्रम के संचालक एवं क्रियान्वयन में ईश्वर विश्नोई, रघुवीर मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विखं समन्वयक हरिदास दायमा ने सभी का आभार माना।

