
भौखेड़ी (सोहागपुर) / गांव भौखेड़ी का नाम अब सिर्फ नर्मदापुरम जिले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कविताओं और भक्ति के संगम से दूर–दराज़ तक गूंजेगा। किसान नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल, जिनकी पहचान गांव–खेती और समाज की सेवा से जुड़ी है, उनकी प्रेरणा से इस नवरात्र में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है।
कविताओं से महकेगा गांव…..
27 सितम्बर की रात 9 बजे से “आध्यात्मिक काव्य संगम” मंच के बैनर तले जब कवि और गीतकार मंच पर आएंगे तो भौखेड़ी का हर आंगन भक्ति की सुगंध से भर जाएगा। मां दुर्गा के जयघोष और कविताओं की गूंज से गांव ऐसा लगेगा जैसे किसी बड़े शहर का सांस्कृतिक उत्सव यहां उतर आया हो।
नामी कवियों का मेला…..
इस मंच पर आएंगे — नर्मदापुर के दीपेश शास्त्री, सोहागपुर के अमित बिल्लोरे ‘अमृत’, पिपरिया के व्यंग्यकार ओमप्रकाश भार्गव और कवयित्री हर्षलता राजपूत, पनारी के गीतकार रामकिशन ठाकुर, सोहागपुर के व्यंग्य कवि प्रबुद्ध दुबे और माछा के हास्य कवि खुमान सिंह ठाकुर। ये सभी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को हंसाएंगे, रुलाएंगे और भक्ति में सराबोर करेंगे।
यूट्यूब से पहुंचेगी घर–घर गूंज……
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्रंथ वचन यूट्यूब चैनल पर होगा। यानी जो लोग भौखेड़ी तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी इस आयोजन का आनंद घर बैठे ले सकेंगे। गांव का यह कवि सम्मेलन पहली बार डिजिटल मंच से दुनिया तक पहुंचेगा।
गांव के बुजुर्गों की जुबानी…….
गांव के बुजुर्ग कहते हैं — “भौखेड़ी में ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं हुआ। नवरात्र का पर्व इस बार हमारे गांव की पहचान को नया आसमान देगा। बच्चे–युवा संस्कार सीखेंगे और समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा मिलेगी।”
पुष्पराज पटेल का संदेश……..
इस आयोजन को लेकर किसान नेता पुष्पराज पटेल ने कहा कि यह सिर्फ कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि गांव की आत्मा और संस्कारों का उत्सव है। उन्होंने सभी गांववासियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि बढ़–चढ़कर इसमें शामिल हों और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।

