

नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार को नेहरू पार्क में आयोजित होने वाला लोकप्रिय संगीत कार्यक्रम “सुरीला नर्मदापुरम” अपने सफल सफर को लगातार आगे बढ़ा रहा है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में शहर के 35 से अधिक स्थानीय संगीत कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। फिल्मी गीत, भजन, ग़ज़ल और सुगम संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने देर शाम तक नेहरू पार्क को सुरों से सराबोर रखा।
कलाकारों की मधुर आवाज़ और उत्कृष्ट गायन ने उपस्थित संगीत प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं, बच्चे और परिवारजन शामिल हुए, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। नर्मदापुर युवा मंडल के मनीष परदेशी ने बताया कि पिछले एक वर्ष से लगातार आयोजित हो रहा “सुरीला नर्मदापुरम” स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का सशक्त मंच उपलब्ध करा रहा है। साथ ही यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने सभी कलाकारों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की। अंत में हरीश मांझी ने उपस्थित नागरिकों, संगीत प्रेमियों एवं कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी रविवार को भी इसी उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

