
नर्मदापुरम / दिनांक 5 जुलाई 2026 रविवार को भारत विकास परिषद, नर्मदापुरम शाखा (मध्य भारत दक्षिण प्रांत) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा वन विभाग के सहयोग से माँ नर्मदा नदी के पावन तट चौरे घाट पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर परिषद के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 300 पौधों का रोपण किया गया। इस पुनीत कार्य के माध्यम से शहर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित चेतना का सशक्त संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान माँ नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन एवं प्रार्थना कर सभी ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, नर्मदापुरम के कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई एस. कृष्णा थोटा, डीएफओ गौरव शर्मा एवं डीआईजी पुलिस सहित लायंस क्लब के पदाधिकारी, ब्राह्मण समाज के आचार्य एवं पंडितगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वृक्षारोपण कार्य को सम्पन्न कराया।
कार्यक्रम के पश्चात भारत विकास परिषद द्वारा मिट्टी एवं बीजों से निर्मित ‘सीड बॉल’ का वितरण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन को किया गया, ताकि वे इन्हें मार्गों एवं खेतों के किनारों पर विसर्जित कर अधिकाधिक वृक्षारोपण में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद एवं लायंस क्लब के सदस्यों ने नर्मदा जल को साक्षी मानकर संकल्प लिया कि वे रोपित पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की पूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही उपस्थित नागरिकों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का परिचय देते हुए शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
अंत में भारत विकास परिषद के जिला समन्वयक द्वारा कार्यक्रम में पधारे समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन का इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करने हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया गया।

