
नर्मदापुरम / भारत विकास परिषद नगर शाखा द्वारा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत दिनांक 04 जुलाई 2026 को पक्षियों की सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के समस्त पदाधिकारी सहित लगभग 25 सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत श्री रेजिडेंसी कॉलोनी, नर्मदापुरम में निवासरत नागरिकों को वृक्ष एवं पक्षियों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। परिषद के सदस्यों द्वारा उनके दाना-पानी के लिए सकोरों का पूजन कर उन्हें कॉलोनी के वृक्षों पर स्थापित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के पौधों का पौधारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर कॉलोनी के रहवासियों एवं आसपास के नागरिकों को एकत्रित कर एक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं पक्षियों की सेवा के महत्व पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें जागरूक किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने नागरिकों से वृक्षारोपण करने, स्वच्छता बनाए रखने एवं गंदगी न फैलाने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम के उपरांत परिषद के पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें “भारत को जानो” राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उक्त प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को एक निजी मैरिज गार्डन में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बैठक में परिषद के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

