
नर्मदापुरम / गोल्डन वेलफेयर सोसायटी के सक्रिय सदस्यों ने कॉलोनी के स्थायी विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर राज्यसभा सांसद से सौजन्य भेंट की। इस दौरान सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा लंबे समय से लंबित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कॉलोनी में स्थित जर्जर गणेश पंडाल के जीर्णोद्धार एवं सुव्यवस्थित निर्माण के लिए सांसद विकास निधि से आर्थिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। सदस्यों ने बताया कि यह पंडाल कॉलोनी के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र है, जिसकी वर्तमान स्थिति काफी खराब हो चुकी है। इसके पुनर्निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर रत्नेश दुबे, डॉ. राजेश विश्वास, संजू , पुरुषोत्तम साहू, प्रतीक पाठक सहित गोल्डन वेलफेयर सोसायटी के अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

