
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के पुनर्निर्माण एवं उन्नयन (अपग्रेडेशन) परियोजना के अंतर्गत भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई) तथा संबंधित ग्रामों के हल्का पटवारी उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम ने नर्मदापुरम क्षेत्र के अंतर्गत मार्ग निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई को त्वरित एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों को निर्देशित किया कि अधिग्रहित की जाने वाली भूमि से संबंधित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करें, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
एसडीएम ने कहा कि नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग का पुनर्निर्माण एवं उन्नयन क्षेत्र के विकास तथा आमजन की सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए भू-अर्जन की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि परियोजना के अंतर्गत संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान एजेंसी को भूमि के कब्जे अथवा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए भू-अर्जन संबंधी समस्त कार्रवाई समय पर पूर्ण करना आवश्यक है।

