
नर्मदापुरम / पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन नर्मदापुरम में 02 जुलाई 2026 को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे के नेतृत्व में प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल एक पहल नहीं, बल्कि अपनी मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने और प्रकृति के संरक्षण का भाव जागृत करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सभी से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

