
नर्मदापुरम् / नगरपालिका द्वारा बारिश पूर्व से ही नगर के बड़े नाले नालियों का स्वच्छता अभियान के माध्यम से सफाई कराई जा रही है। बुधवार को नगर के प्रमुख होमसाइंस कालेज के सामने प्रेम नगर से लेकर गांधी पार्क और इंदिरा चौक तक जेसीबी और स्वच्छतादूतों के माध्यम से सफाई कराई गई।
प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख एवं स्वच्छता शाखा प्रभारी दीक्षा तिवारी के निर्देशन में लगातार बड़े नाले नालियों का स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज नगर के प्रेमनगर से लेकर इंदिरा चौक तक नाले की सफाई कराई गई। इस दौरान भारी मात्रा में गाद एवं प्लास्टिक सहित अन्य कचरा निकाला गया। स्वच्छता अभियान को लेकर स्थानीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया तथा नपा का आभार माना।
नपाध्यक्ष श्रीमती यादव एवं सीएमओ श्री देशमुख द्वारा नगर के नागरिकों एवं व्यापारीगणों से आग्रह किया है कि बारिश का मौसम है। प्लास्टिक पालिथिन सहित किसी भी प्रकार का कचरा यहां वहां न फैंकें। डस्टबिन रखें तथा कचरा वाहन आने पर कचरा उसी में डालें। कचरा यहां वहां फैंक देने से बहकर नाले नालियों में जाता है तथा चोक होने का कारण बनता है। जिससे जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। नपा द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें एवं नगर को साफ स्वच्छ रखें।

