
नर्मदापुरम / राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय, नर्मदापुरम में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा चिकित्सकों, नर्सिंग ऑफिसर्स एवं अस्पताल के समस्त स्टाफ के लिए विशेष ध्यान (मेडिटेशन) एवं तनाव प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना तथा तनावमुक्त वातावरण में बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियों ने मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यशैली के बावजूद नियमित ध्यान के माध्यम से मन को शांत, एकाग्र एवं सकारात्मक बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि मेडिटेशन मानसिक तनाव को कम करने के साथ-साथ कार्यक्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, व्यवहार एवं आपसी समन्वय को भी बेहतर बनाता है। इससे चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मरीजों को अधिक संवेदनशील, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पित सेवाओं एवं मा नवता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला चिकित्सालय, नर्मदापुरम की सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले ने अस्पताल परिवार की ओर से ब्रह्माकुमारी संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रेरणादायी एवं उपयोगी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वास्थ्य कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

