

सिवनी मालवा / सोमवार को सिवनी मालवा क्षेत्र में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे, क्योंकि सोयाबीन और मक्का की बोनी के बाद फसल के अच्छे अंकुरण और शुरुआती बढ़वार के लिए नमी की आवश्यकता थी।
बारिश होने से खेतों में पर्याप्त नमी बनी है, जिससे नई बोई गई धान, सोयाबीन और मक्का की फसल को लाभ मिलेगा। किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों की अच्छी शुरुआत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह अनुकूल रहा, तो उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।
किसान राहुल तिवारी और जगदीश राठौर ने बताया कि सोयाबीन और मक्का की फसल के लिए समय पर बारिश होना बेहद जरूरी है। बोनी के बाद पर्याप्त नमी मिलने से बीजों का अंकुरण अच्छा होता है और फसल की शुरुआती बढ़वार मजबूत रहती है। सोमवार को हुई 9 मिमी बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, बोनी के तुरंत बाद हुई हल्की से मध्यम बारिश सोयाबीन और मक्का की फसल के लिए लाभदायक मानी जाती है। इससे बीजों का अंकुरण बेहतर होता है और पौधों की प्रारंभिक वृद्धि मजबूत होती है।
क्षेत्र में हुई इस बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और खरीफ सीजन की शुरुआत सकारात्मक संकेतों के साथ हुई है।

