
इटारसी / न्यास कॉलोनी के नागरिकों ने आज एक अनोखे तरीके से अपनी आवाज़ उठाई, जब उन्होंने कॉलोनी की मुख्य सड़क पर बड़ा बैनर लगाकर प्रशासन का ध्यान खींचा। बैनर पर लिखा था— “जनता की एक ही पुकार, सड़क, पानी और नाली का हो तत्काल सुधार” और “पहले रोड, फिर वोट!” यह बैनर जनता के लंबे संघर्ष और गहरी निराशा का प्रतीक बन गया है, जो दशकों से बुनियादी सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
सिद्धार्थ महेश आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि जल आवर्धन योजना के तहत हर घर के सामने पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन आज तक इन सड़कों का निर्माण दोबारा नहीं किया गया है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी, सड़कें टूट-फूट की हालत में हैं। साथ ही, वार्ड की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है, जहां हर मोड़ पर कचरा जमा होता है और एक कचरा घर बना दिया गया है, जहां कचरा पड़ा रहता है, लेकिन कभी सफाई नहीं होती। सिद्धार्थ आर्य ने लोगों से अपील की कि वे अपने घर का कचरा सिर्फ कचरा गाड़ी में ही डालें, ताकि सफाई रहे।

