
नर्मदापुरम / अखंड मंडलेश्वर धाम डोंगरवाड़ा में विराजित भगवान जगन्नाथ ने सोमवार को भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ महा स्नान किया। ओडिशा से पधारे आचार्य रश्मि रंजन पाणी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान ने 108 घटों के जल से स्नान किया। इस महा स्नान के कारण भगवान को ज्वर आ गया। ज्वर के कारण वैद्य द्वारा उपचार किया गया और उन्हें ओषधियां दी गई। ज्वर के प्रभाव के कारण महा प्रभु 15 दिन तक बीमार रहेंगे और भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। इस दौरान उन्हें वैद्य की सलाह अनुसार सुपाच्य भोजन और दवाएं दी जाती रहेंगी।
भगवान के महा स्नान के दौरान मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के ठाकुर राजा डा आशुतोष शर्मा, समिति के अध्यक्ष अजय रथ, पीठाधीश्वर बाबाजी प्रसाद दास और अन्य भक्तों ने भगवान को स्नान कराया। स्नान के दौरान मंदिर में भजन कीर्तन होते रहे। मंदिर परिसर जय जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजता रहा। अब भगवान 16 जुलाई को बाहर निकलेंगे और भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे। समिति द्वारा रथ यात्रा की तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं।

