
नर्मदापुरम / जिले में 28 से 30 जून तक संचालित होने वाले पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे और पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। इस अवसर पर नर्मदापुरम जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, श्रीमती सविता दीवान शर्मा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत, सिविल सर्जन श्रीमती सुनीता कामले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

