
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल नर्मदापुरम के वार्ड क्रमांक 7 एवं 9 के महाराणा प्रताप शक्ति केंद्र क्रमांक-4 की बैठक वार्ड 9 स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, बूथ सशक्तिकरण अभियान तथा केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही आगामी ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रूप से सुनने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष लोकेश तिवारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, शक्ति केंद्र संयोजक मनीष परदेशी सहित बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला संगठन है। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी को पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करें।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष लोकेश तिवारी ने कहा कि शक्ति केंद्र संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। बूथों को मजबूत करने के लिए नियमित बैठकें, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को निरंतर गति देना आवश्यक है, जिससे संगठन और अधिक सशक्त बन सके।
नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। जनता की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
शक्ति केंद्र संयोजक मनीष परदेशी ने बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि शक्ति केंद्र के सभी बूथों पर संगठन के निर्देशानुसार कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सहभागिता के साथ कराया जाएगा। साथ ही संगठन के आगामी अभियानों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक का समापन संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। बैठक में सुनीता मिश्रा, संगीता जायसवाल, राजेश साहू, शेखर पाल, अजय रासगाया, मनीष सोलंकी, राजीव दुबे, कैलाश मेवारी, रोशनी चौकसे सहित अन्य कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

