

सिवनी मालवा / सिवनी मालवा में विशेष न्यायालय द्वारा 14 गोरक्षकों को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद विश्व हिंदू परिषद ने परिवारों का मनोबल बढ़ाया। क्षेत्रीय गौरक्षा प्रमुख सोहन विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रांतीय पदाधिकारी तिवारी धर्मशाला पहुंचे और सभी 14 परिवारों से मुलाकात की।
“ये परिवार अकेले नहीं, पूरा देश साथ”…..
बैठक को संबोधित करते हुए सोहन विश्वकर्मा ने कहा, “14 गोरक्षक परिवार आज कठिन समय से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में समाज का दायित्व है कि नैतिक, सामाजिक और विधिक सहयोग दे। गौरक्षा भावना ही नहीं, भारतीय संस्कृति और सेवा का प्रतीक है। हम न्याय की कामना करते हैं। ये परिवार खुद को अकेला न समझें, समूचा देश इनके साथ खड़ा है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज से अपील की कि परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनें, मनोबल बढ़ाएं और न्याय की लड़ाई में एकजुट हों। साथ ही सामाजिक सौहार्द और संयम बनाए रखने को कहा।
न्यायालयीन प्रक्रिया की ली जानकारी, दी मदद की गारंटी…..
विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारियों ने स्थानीय गौरक्षक समिति के संतोष पारीक, विजय सिंह ठाकुर, उत्तम सिंह तंवर आदि से न्यायालयीन विषय और परिजनों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
प्रांत गौरक्षा प्रमुख निलेश अग्रवाल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा विभाग आर्थिक एवं न्यायालयीन सहयोग में हमेशा तत्पर रहेगा।
बजरंग दल प्रांत संयोजक अवधेश तिवारी ने कहा, “मप्र में गोवध कानून के बाद भी गौतस्करी नहीं रुक रही। दुर्घटना में गौतस्कर की मौत का मामला एक्सीडेंट का था, फिर भी निर्दोष लोगों पर कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है।”
घर-घर जाकर बढ़ाया हौसला…..
बैठक के बाद सोहन विश्वकर्मा एवं पदाधिकारियों ने कारावास काट रहे 14 गोरक्षकों के घर-घर जाकर माता-पिता, पत्नी, बच्चों से मुलाकात की और संबल दिया। विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा आयाम ने 2 परिवारों की पालक बनकर जिम्मेदारी ली और आगे भी सहयोग का आश्वासन दिया।
ये रहे मौजूद….
कार्यक्रम में प्रांत सह मंत्री जितेन्द्र सिंह चौहान, बजरंग दल प्रांत संयोजक अवधेश तिवारी, प्रांत सह संयोजक लोकेंद्र मालवीय, शिशुपाल सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष डॉ. सुभाष दुबे, जिला मंत्री चेतन सिंह राजपूत, जिला संयोजक नितिन मेस्कर, प्रवीण अवस्थी, सनूप सिंह यदुवंशी, अनिल यादव, राजू राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

