

नर्मदापुरम / सेवा भारती जिला नर्मदापुरम द्वारा संस्कार केंद्र की शिक्षिका दीदियों के लिए एक दिवसीय वर्ग का आयोजन आशीर्वाद हॉस्पिटल के मीटिंग हॉल में किया गया। प्रातः 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मध्यक्षेत्र सेवाप्रमुख ओमप्रकाश सिसोदिया, विभाग कार्यवाह देवी सिंह मीना, सेवा भारती अध्यक्ष सतीश सांवरिया एवं रेडक्रॉस सचिव डॉ. हर्षल कावरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
चार नगरों से पहुंचीं शिक्षिकाये …..
वर्ग में नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, सिवनीमालवा एवं माखननगर के संस्कार केंद्रों से शिक्षिकाये शामिल हुईं।
प्रथम सत्र: कैसे चलाएं संस्कार केंद्र…..
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिसोदिया ने कहा कि संस्कार केंद्र शुरू करने के लिए पहले बस्ती का चयन कर सर्वे करें। 30 से 40 बच्चों की सूची तैयार करें। साथ ही 13 से 20 वर्ष की 15 से 20 किशोरियों की सूची बनाकर साप्ताहिक किशोरी विकास केंद्र शुरू करें। ऐसी बहनों को भी जोड़ें जो नियमित भजन-कीर्तन करती हों।
उन्होंने कहा कि शिक्षिका को प्रतिदिन 2 घंटे संस्कार केंद्र चलाने के साथ-साथ साप्ताहिक किशोरी विकास केंद्र और भजन-कीर्तन कार्यक्रम भी निरंतर चलाना चाहिए। समाज को संस्कारवान बनाने के लिए ये तीनों कार्य जरूरी हैं। इसके परिणाम 3 से 6 महीने में दिखने लगते हैं। _”सेवा भारती का काम ईश्वरीय कार्य है, इसे पूर्ण निष्ठा से करें”_, सिसोदिया ने कहा।
द्वितीय सत्र: कंठस्थीकरण व समीक्षा….
सेवा भारती विभाग समन्वयक शिवप्रताप सिंह, खुशबू भदौरिया एवं निरीक्षिका खुशी माली ने पाठ्यक्रम का कंठस्थीकरण कराया। पिछले माह के किशोरी विकास केंद्र एवं भजन मंडली की बैठक की समीक्षा भी की गई।
समापन सत्र: हर नगर में खुलेंगे केंद्र…..
समापन सत्र में अध्यक्ष सतीश सांवरिया एवं जिला सह सेवा प्रमुख संदीप रघुवंशी ने आगामी माह में जिले के सभी नगर केंद्रों में संस्कार केंद्र शुरू करने की योजना बनाई। साथ ही किशोरी विकास केंद्र की बहनों का मासिक बड़ा कार्यक्रम करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम का आभार सुमित्रा तोमर व मोनिका नामदेव ने व्यक्त किया।

