

नर्मदापुरम / संगीत प्रेमियों के लिए 27 जून की शाम यादगार बनने जा रही है। शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था म्यूजिक जोन नर्मदापुरम द्वारा हिंदी फिल्म संगीत के महान संगीतकार आर.डी. बर्मन (पंचम दा) की जयंती के अवसर पर विशेष संगीत संध्या “दीवाना लेके आया है…” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 27 जून को शाम 5:30 बजे नर्मदा महाविद्यालय स्थित संस्कृति भवन में आयोजित होगा, जिसमें शहर के सुप्रसिद्ध गायक और “किशोर कुमार की आवाज” के रूप में पहचान रखने वाले असीम बिस्वास अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे।
म्यूजिक जोन वर्षों से नर्मदापुरम में संगीत और कला के संवर्धन के लिए कार्य कर रहा है। संस्था लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत कर रही है। इसी कड़ी में इस बार पंचम दा के अमर संगीत को समर्पित यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
असीम बिस्वास न केवल इस संगीतमय शाम के मुख्य आकर्षण होंगे, बल्कि वे म्यूजिक जोन के संस्थापक भी हैं। संगीत उनके परिवार की विरासत रहा है। उनके माता-पिता स्वयं उत्कृष्ट गायक रहे हैं, जबकि उनके बड़े भाई सुजीत बिस्वास देश के प्रतिष्ठित ऑर्केस्ट्रा समूहों मेलोडी मेकर्स और सेवन स्टार के साथ कई नामचीन बॉलीवुड कलाकारों के मंच साझा कर चुके हैं।
कार्यक्रम में किशोर कुमार और आर.डी. बर्मन के कालजयी गीतों की ऐसी प्रस्तुति होगी, जो श्रोताओं को स्वर्णिम संगीत युग की यादों में ले जाएगी। असीम बिस्वास के साथ शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियां और म्यूजिक जोन के अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से शाम को और अधिक रंगीन बनाएंगे।
म्यूजिक जोन के सचिव एवं सूत्रधार सईद कुरैशी ने बताया कि यह आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए एक अनूठा अनुभव होगा, जहां सुर, संगीत और यादों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने शहरवासियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय शाम का आनंद लेने की अपील की है।
27 जून की यह शाम पंचम दा और किशोर कुमार के अमर गीतों के नाम होगी, जहां हर धुन श्रोताओं के दिलों को छू जाएगी और हर गीत सुनहरे दौर की यादें ताजा कर देगा।

