
सोहागपुर / प्रदीप देवलिया / शुक्रवार दिनांक 26 जून 2026 को आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्यप्रदेश संकेत भोंडवे द्वारा नगर परिषद सोहागपुर में अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री भोंडवे ने निर्देश दिए कि पलकमती नदी में मिल रहे सभी नालों को टैप कर अपशिष्ट जल का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए, जिससे नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कार्य हो सके। उन्होंने एस.टी.पी. परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने के साथ-साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण किए जाने तथा सीडबॉल (Seed Ball) के माध्यम से भी वृक्षारोपण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
साथ ही योजना के संचालन में विद्युत व्यय को कम करने एवं दीर्घकालीन, सतत संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कंस्ट्रक्ट वेटलैंड टेक्नोलॉजी को योजना में सम्मिलित करते हुए आवश्यक निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पलकमती नदी के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।
आयुक्त श्री भोंडवे ने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का निरंतर अवलोकन किया जाएगा तथा आगामी समय में भी कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करने हेतु पुनः भ्रमण किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री सचिन कडु, संयुक्त संचालक राजकुमार इवनाती, मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा, सहायक यंत्री वैशाली पांडे, सुजीत यादव, पीआईयू निशांत भान, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

