
नर्मदापुरम / जबलपुर / पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की बैठक में नर्मदांचल की रेल समस्याएं प्रमुखता से उठीं। बैठक में क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी का प्रतिनिधित्व करते हुए जेडआरयूसीसी सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत ने बिंदुवार मांगें रखकर समय-सीमा में निराकरण का आग्रह किया।
ये रखीं प्रमुख मांगें….
1. इटारसी स्टेशन: दक्षिणी छोर सहित सभी प्लेटफार्म पर एक्सीलेटर व लिफ्ट सुविधा शीघ्र शुरू हो।
2. अमृत भारत योजना: इटारसी स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन सभी कार्यों में तेजी लाकर तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
3. खुंटवासा गेट 223 A1/2E: इटारसी-भुसावल खंड पर अक्सर बंद रहने वाले इस गेट पर जाम से निजात के लिए ओवरब्रिज बनाया जाए।
4. पवारखेड़ा विस्थापन: रेलवे माल गोदाम के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति के लिए अविलंब पवारखेड़ा विस्थापन किया जाए।
5. खान-पान में मनमानी: सभी प्लेटफार्म पर खान-पान संचालकों की मनमानी पर रोक लगे।
6. अवैध वेंडरिंग: ट्रेनों में सेक्शन के दौरान चल रही अवैध वेंडरिंग पर ठोस कार्रवाई हो।
7. खेल मैदान: रेलवे खेल मैदानों की बदहाल दशा सुधारी जाए।
8. ट्रेन ठहराव: एलटीटी-हरिद्वार एक्सप्रेस व भुसावल पैसेंजर का इटारसी में ठहराव दिया जाए।
लिखित में सौंपी टिप्पणी….
योगेंद्र राजपूत ने बताया कि सभी विषयों पर रेलवे की ओर से बैठक के दौरान लिखित में टिप्पणी भी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि समूचे नर्मदांचल की जनता रेल सुविधाओं को लेकर लंबे समय से परेशान है।
ये रहे मौजूद…
बैठक में रेल आईजी राजीव यादव, उप महाप्रबंधक मनीष पटेल सहित पश्चिम मध्य रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक दिलीप कुमार ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

