
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश खंडेलवाल ने बुधवार को नर्मदापुरम नगर में संगठन की परंपरा का निर्वहन करते हुए मीसाबंदियों एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से उनके निवास पर पहुंचकर आत्मीय भेंट की और शाल-श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए संगठन के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
भाजपा प्रदेश सदस्य अखिलेश खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की आज की मजबूत नींव उन कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि मीसाबंदियों का लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिया गया संघर्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का संगठन के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। भेंट के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर अखिलेश खंडेलवाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और सक्रियता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला, जहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान के माध्यम से भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस दौरान मीसाबंदी शंभू सोनकिया, भाजपा के वरिष्ठ नारायण खंडेलवाल, रमेश पटेल, विजया कदम, भरतसिंह राजपूत, नानकराम कदम, गौर मास्साब, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह सहित अन्य पार्टी के वरिष्ठों से भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक महालहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष रुपेश राजपूत, भाजपा कार्यकर्त्ता मनीष परदेशी, अनिल दुबे, पप्पी तिवारी, मुकेश यादव सहित अन्य भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

