

नर्मदापुरम / डी एस पी यातायात संतोष मिश्रा ने बताया कि उक्त रैली कल दोपहर प्रातः 11:00 बजे रसूलिया ओवरब्रिज से प्रारंभ होकर रसूलिया, भोपाल तिराहा, ओवरब्रिज तिराहा, एनएमवी कालेज, मीनाक्षी चौक, जेल तिराहा, वृद्धजन पार्क, कलेक्ट्रेट गेट, कोठी बाजार, डीपीओ चौराहा, पानी की टंकी, नेहरू पार्क होते हुए गुप्ता ग्राउंड पहुंचेगी। गुप्ता ग्राउंड में सभा एवं ज्ञापन सौंपने की कार्यवाही के उपरांत समस्त कृषकगण अपने ट्रैक्टरों सहित स्वेच्छा से अपने गंतव्य स्थानों के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्व में आयोजित ट्रैक्टर रैलियों के अनुभव के आधार पर यह तथ्य संज्ञान में आया है कि ट्रैक्टर वाहनों की सीमित गति, रैली की लंबाई एवं मार्ग के समानांतर वैकल्पिक मार्गों की सीमित उपलब्धता के कारण रैली के दौरान आमजन के आवागमन में असुविधा की स्थिति निर्मित हो सकती है।
आमजन की सुविधा, यातायात के सुचारू संचालन एवं जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए नर्मदापुरम पुलिस द्वारा निम्नानुसार यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है।
● ट्रेक्टर रैली के भोपाल चौराहा आने तक आवागमन सामान्य रहेगा। अन्य वाहनों आवागमन दूसरी लेन पर निर्विघ्न जारी रहेगा।
● भोपाल चौराहा से ओव्हर ब्रिज तिराहा के मध्य रैली रहने पर ओवरब्रिज की क्षमता को देखते हुए कुछ समय के लिए ट्रेफिक रोका जा सकता है।
● ओव्हर ब्रिज तिराहा से कलेक्ट्रेट मार्ग की ओर रैली के दौरान कोठी बाजार मार्ग और अन्य मार्ग आवागमन हेतु चालू रहेगा।
● रैली के कलेक्ट्रेट से गुप्ता ग्राउंड की ओर अग्रसर होने के दौरान पुराना बाबई नाका–मीनाक्षी चौक–ओव्हर ब्रिज मार्ग आमजन के आवागमन हेतु खुला रहेगा।
● ट्रैक्टर रैली के गुप्ता ग्राउंड में पहुंचने के पश्चात शहर की यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित रहेगी।
● रैली के दौरान और सभा के दौरान ओवरब्रिज तिराहे से अंबेडकर तिराहा, टैक्सी स्टैंड मार्ग लगातार आवागमन हेतु सुलभ रहेगा
● रैली की समाप्ति के दौरान ट्रैक्टरों की संख्या एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होंडा चौक से नेहरू पार्क मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात नियंत्रण किया जा सकता है।
नर्मदापुरम पुलिस आमजन से अपील करती है कि रैली के निर्धारित मार्ग पर अनावश्यक आवागमन से बचें तथा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
श्री मिश्रा ने आमजन से अपील की कि आपका सहयोग ही सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था की सफलता का आधार है।
नर्मदापुरम पुलिस…
“सुरक्षा, सहयोग और सुगम यातायात के लिए सदैव तत्पर”।

