
नर्मदापुरम / साइबर ठग पूरे देश में सक्रिय हैं और किसी न किसी को साइबर फ्रॉड कर अपना निशाना बनाते हैं और उसके खाते से पैसे निकाल लेते हैं। साइबर फ्रॉड को रोकने पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान “SAFE CLICK-2026 2.0” का शुभारंभ आज दिनांक 24 जून 2026 को कंट्रोल रूम, पुलिस लाइन नर्मदापुरम से किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य आमजन को इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने हेतु जागरूक करना तथा साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान कर “साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene)” को बढ़ावा देना है। यह अभियान दिनांक 24 जून 2026 से 08 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों, ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य केंद्रों, बैंकों, पेट्रोल पंपों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न माध्यमों से नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी धोखाधड़ी, निवेश एवं लॉटरी ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा बैंकिंग साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी दी जाएगी।
अभियान के अंतर्गत बैनर, पोस्टर, पैंप्लेट, नुक्कड़ नाटक, कार्यशाला, सेमिनार, रैली, शपथ कार्यक्रम एवं सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in के प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया जाएगा।
नर्मदापुरम पुलिस आमजन से अपील की, कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में संपूर्ण जिले में “SAFE CLICK-2026 2.0” अभियान चलाकर आमजन को सायबर फ्रॉड एवं उनसे बचने के उपायों से अवगत कराकर जागरुक किया जा रहा है।

