
इटारसी / सेवा भारती जिला नर्मदापुरम द्वारा इटारसी नगर की झुग्गी बस्ती में संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ केंद्र की शुरुआत की गई।
इनकी रही उपस्थिति…..
सेवा भारती जिला अध्यक्ष सतीश अग्रवाल “सावरिया”, विभाग समन्वयक शिवप्रताप सिंह, राजेंद्र तोमर, सुनेयना तिवारी एवं मनोज राय ने दीप प्रज्वलित कर संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया।
समाज सेवा का विस्तार….
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतीश अग्रवाल ने नर्मदापुरम जिले में सेवा भारती द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा भारती अभावग्रस्त, वंचित और पिछड़े वर्ग के लोगों को संस्कार केंद्रों के माध्यम से समाज की मुख्य धारा में लाने का निरंतर प्रयास कर रही है।
बच्चों में दिख रहे बदलाव….
उन्होंने कहा कि नगर की कई बस्तियों में सेवा भारती के निरंतर प्रयासों से बच्चों के अंदर संस्कारों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। सेवा भारती के कार्यों में सहयोग करने के लिए समाज के लोगों को आगे आना चाहिए क्योंकि “बच्चे ही देश का भविष्य हैं”।
आभार व्यक्त किया….
कार्यक्रम के अंत में खुशबू भदौरिया एवं रागिनी कहार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

