
इटारसी / प्रति वर्ष की परंपरा को निभाते हुए झूलण सेवा समिति इटारसी द्वारा पंचायत सिंधी समाज के तत्वावधान में सोमवार, 22 जून को शाम 5:30 बजे बाजार स्थित भगवान श्री झूलेलाल मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
ज्योत प्रज्वलित कर मांगी मुराद कि अच्छी बारिश हो ….
समिति और समाज के सदस्यों ने भगवान श्री झूलेलाल के समक्ष ज्योत प्रज्वलित कर क्षेत्र में अच्छी बारिश तथा विश्व कल्याण की मंगल कामना की। विशेष पूजा और प्रार्थना के तहत भगवान झूलेलाल को मीठे चावल का भोग लगाया गया और सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक पल्लव किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को मीठे चावल का प्रसाद वितरित किया गया।
सालों पुरानी परंपरा…..
पिछले कई वर्षों से लगातार हो रहे इस भव्य आयोजन में झूलण सेवा समिति के साथ-साथ पूज्य पंचायत सिंधी समाज, सिंधु विकास समिति, सिंधु सेवा समिति और समाज के अनेक संगठनों ने मिलकर अपना पूरा सहयोग दिया। समाज की एकजुटता और आस्था का यह प्रतीक अनुष्ठान हर साल मानसून से पहले किया जाता है।
श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति…..
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए। सभी ने भगवान झूलेलाल से प्रार्थना की कि इस वर्ष इंद्रदेव की कृपा बनी रहे और खेत-खलिहान खुशहाल हो।

