

इटारसी / वार्ड क्रमांक 13 में पाइपलाइन कार्य के लिए की गई सड़क खुदाई के बाद निकाली गई मिट्टी को अब तक नहीं हटाया गया है तथा गड्ढों को भी उचित तरीके से नहीं भरा गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण पूरा मार्ग कीचड़युक्त हो गया है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट सिद्धार्थ महेश आर्य ने बताया कि सड़क की वर्तमान स्थिति के कारण आज सुबह से ही कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं। विशेष रूप से महिलाएं, बुजुर्ग, स्कूली बच्चे एवं दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना के जोखिम का सामना कर रहे हैं। यदि समय रहते आवश्यक सुधार कार्य नहीं किया गया तो कोई गंभीर दुर्घटना भी घटित हो सकती है।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क पर छोड़ी गई मिट्टी को तत्काल हटाया जाए, गड्ढों को भरकर मार्ग को समतल किया जाए तथा कीचड़ एवं जलभराव की सफाई कर नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
एडवोकेट सिद्धार्थ महेश आर्य ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा प्रदान करना है, लेकिन यदि कार्य पूर्ण होने के बाद आवश्यक सावधानियां नहीं बरती जातीं तो वही कार्य जनता के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

