
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम जिला क्रिकेट एसोसिएशन (NDCA), नर्मदापुरम द्वारा सत्र 2026-27 के लिए सभी क्रिकेट क्लबों, क्रिकेट अकादमियों एवं खिलाड़ियों के पंजीकरण संबंधी नियमावली जारी कर दी गई है। इस संबंध में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोहर बिलथरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में क्रिकेट गतिविधियों को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह नियमावली लागू की जा रही है।
1. क्लब एवं अकादमी पंजीकरण….
सत्र 2026-27 हेतु प्रत्येक क्रिकेट क्लब एवं अकादमी का वार्षिक पंजीकरण शुल्क ₹3,000/- (रुपये तीन हजार मात्र) निर्धारित किया गया है।
– पंजीकरण की अंतिम तिथि : 30 अगस्त 2026
– अंतिम तिथि के पश्चात विलंब शुल्क ₹2,000/- सहित कुल ₹5,000/- जमा कर पंजीकरण कराया जा सकेगा।
2. स्थानीय खिलाड़ी पंजीकरण….
01 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक की अवधि के लिए 10 वर्ष से अधिक आयु के सभी बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।
– खिलाड़ी पंजीकरण शुल्क : ₹1,000/- प्रति खिलाड़ी
– 10 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा।
– पंजीकरण की अंतिम तिथि : 30 अगस्त 2026
अंतिम तिथि के पश्चात पंजीकरण कराने पर ₹1,000/- अतिरिक्त विलंब शुल्क देय होगा।
नोट: यह नियम केवल नर्मदापुरम जिला क्रिकेट एसोसिएशन के स्थानीय क्लबों एवं अकादमियों के पंजीकरण हेतु लागू होगा। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) एवं नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट द्वारा आयोजित इंटर-डिवीजनल, इंटर-डिस्ट्रिक्ट एवं अन्य आधिकारिक प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी पंजीकरण, पात्रता एवं चयन प्रक्रिया संबंधित संस्थाओं के प्रचलित नियमों के अनुसार संचालित होगी।
3. ऑब्जर्वर द्वारा निरीक्षण……
जिला क्रिकेट संघ द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर समय-समय पर क्लबों एवं अकादमियों का निरीक्षण करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी खिलाड़ियों के पास वैध क्रिकेट संघ पंजीकरण कार्ड उपलब्ध हो।
4. स्थानीय खिलाड़ी की पात्रता……
निम्नलिखित में से किसी एक शर्त की पूर्ति करने पर खिलाड़ी को स्थानीय खिलाड़ी के रूप में पंजीकृत किया जाएगा, बशर्ते कि पिछले एक वर्ष के आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए जाएँ—
(क) खिलाड़ी का जन्म नर्मदापुरम जिले में हुआ हो तथा वह वर्तमान में जिले का निवासी हो।
(ख) खिलाड़ी पिछले एक वर्ष से नर्मदापुरम जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय अथवा महाविद्यालय में नियमित अध्ययनरत हो तथा कम से कम एक वार्षिक या अर्धवार्षिक परीक्षा में सम्मिलित हुआ हो।
(ग) खिलाड़ी के माता-पिता शासकीय सेवा में नर्मदापुरम जिले में पदस्थ हों तथा वर्तमान में जिले में कार्यरत हों, भले ही खिलाड़ी का जन्म किसी अन्य जिले, संभाग अथवा राज्य में हुआ हो।
5. पंजीकरण प्रपत्र का प्रमाणीकरण……
– प्रत्येक खिलाड़ी पंजीकरण प्रपत्र संबंधित क्लब/अकादमी के संचालक अथवा मुख्य प्रशिक्षक द्वारा विधिवत हस्ताक्षरित एवं प्रमाणित होना आवश्यक होगा।
– आवेदन पत्र पर क्लब/अकादमी की आधिकारिक रबर स्टाम्प लगाना अनिवार्य होगा।
– अप्रमाणित आवेदन पत्र किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
– सभी पंजीकरण प्रपत्र क्रिकेट संघ सचिव द्वारा सत्यापन उपरांत ही स्वीकार किए जाएंगे।
– सत्यापन पूर्ण होने के पश्चात ही पंजीकरण कार्ड जारी किए जाएंगे।
6. निजी प्रतियोगिताएँ……
यदि कोई पंजीकृत क्लब अथवा अकादमी किसी भी आयु वर्ग में इंटर-क्लब अथवा इंटर-अकादमी क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना चाहता है, तो उसे प्रतियोगिता आयोजित करने से पूर्व जिला क्रिकेट संघ से आवश्यक अनुमति एवं पंजीकरण प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
संघ की पूर्व लिखित स्वीकृति के बिना आयोजित प्रतियोगिताओं को मान्यता प्राप्त नहीं होगी।
7. अनधिकृत प्रतियोगिताओं में भागीदारी……
संघ से पंजीकृत कोई भी क्लब, अकादमी अथवा खिलाड़ी ऐसी किसी प्रतियोगिता में भाग नहीं लेगा जिसे जिला क्रिकेट संघ द्वारा अनुमोदित अथवा संबद्धता प्रदान नहीं की गई हो।
नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित खिलाड़ी, क्लब अथवा अकादमी के विरुद्ध संघ के प्रचलित नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
विशेष सूचना…….
सत्र 2026-27 में किसी भी आयु वर्ग अथवा सीनियर वर्ग (बालक एवं बालिका) में पंजीकरण कराने वाले सभी खिलाड़ियों को आवेदन-पत्र के साथ निर्धारित प्रारूप में ₹100/- के स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र (Affidavit) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
क्लब, अकादमी एवं खिलाड़ी पंजीकरण की वैधता अवधि 01 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक रहेगी।
खिलाड़ी पंजीकरण हेतु आवश्यक दस्तावेज…..
(केवल स्वप्रमाणित प्रतियाँ संलग्न करें)
1. अद्यतन डिजिटल जन्म प्रमाण-पत्र
2. अद्यतन आधार कार्ड
3. आधार कार्ड हिस्ट्री / UIDAI रिकॉर्ड
4. समग्र आईडी (शिक्षा पोर्टल)
5. विगत 03 वर्षों की अंकसूचियाँ (मार्कशीट)
6. पासपोर्ट (यदि उपलब्ध हो)
7. ₹100/- के स्टाम्प पर शपथ-पत्र (Affidavit)
8. दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ
जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने जिले के सभी खिलाड़ियों, क्लबों एवं अकादमियों से निर्धारित समयावधि में पंजीकरण पूर्ण करने का आग्रह किया है, ताकि आगामी क्रिकेट सत्र की प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

