

नर्मदापुरम / प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और स्थानीय प्रशासन की कथित निष्क्रियता के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस ने नर्मदापुरम में एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चौतरफा हमला बोला। एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित इस पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायकों, जिला व नगर अध्यक्षों सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने साफ तौर पर कहा कि आज जिले का किसान बदहाल है, युवा ठगा महसूस कर रहा है, माफिया राज चरम पर है और नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। किसान संकट ‘अनाज ले लिया, पर जेबें खाली’, मूंग खरीदी और डीजल पर मची कमी कों लेकर पत्रकार वार्ता की शुरुआत करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुड्डन पांडे और पूर्व विधायक गिरजा शंकर शर्मा ने किसानों की दुर्दशा का मुद्दा उठाया। नेताओं ने कहा गेहूं का भुगतान अटका सरकार ने किसानों से गेहूं की खरीदी तो शान से कर ली, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी किसानों के खातों में भुगतान की राशि नहीं पहुंची है। मूंग खरीदी का गणित मूंग उत्पादक किसान परेशान हैं। सरकार केवल 25 प्रतिशत मूंग खरीदने की तैयारी में है, जिससे बाकी किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। अघोषित बिजली कटौती व खाद-बीज का टोटा पूर्व विधायक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की तानाशाही के कारण ऐन वक्त पर किसानों को खाद और बीज नहीं मिल रहे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है, जिससे खेतों की सिंचाई पूरी तरह प्रभावित है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता पुष्पराज पटेल ने क्षेत्र में जारी डीजल संकट पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को सीधे आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “एक तरफ सरकार दावा कर रही है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, तो दूसरी तरफ पंपों पर किसानों की लंबी कतारें क्यों लगी हैं ? सुहागपुर क्षेत्र का किसान ट्रैक्टरों में डीजल डलवाने के लिए भटक रहा है।”
नीट (NEET) घोटाला….
बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ देशव्यापी नीट परीक्षा विवाद पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए गुड्डन पांडे ने कहा कि भाजपा राज में मेधावी छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया गया है। नीट का पेपर लीक (आउट) होने की वजह से बच्चों को दोबारा परीक्षा के मानसिक तनाव से गुजरना पड़ रहा है, जो कि अक्षम्य है।
सोहागपुर, पिपरिया और बनखेड़ी में बेखौफ माफिया राज….
जिले की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए कांग्रेस नेताओं ने अवैध उत्खनन का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा सोहागपुर, पिपरिया और बनखेड़ी में रेत और खनिज माफिया खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं। जिला प्रशासन और खनिज विभाग के आला अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। पुष्पराज पटेल ने तंज कसते हुए कहा कि प्रशासन असली रसूखदारों को छूने से डरता है और केवल बाहर से आने-जाने वाले गरीब मजदूरों पर छोटी-मोटी कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपा रहा है। नगर पालिका में करोड़ों का भ्रष्टाचार स्थानीय स्तर पर नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर नेता प्रतिपक्ष व पार्षद अनोखी राजोरिया ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने पत्रकारों को दस्तावेज सौंपते हुए बताया कि नगर पालिका में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार और भारी वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया गया है। राजोरिया ने कहा कि इस महाघोटाले की शिकायत साक्ष्यों के साथ जिला प्रशासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को की जा चुकी है, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त चेहरों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं में आक्रोश, बड़े आंदोलन की चेतावनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का भुगतान तुरंत नहीं हुआ, डीजल की किल्लत दूर नहीं की गई और अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडेय, इटारसी नर्मदापुरम विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गिरजा शंकर शर्मा, सोहागपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पुष्पराज पटेल, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष ओम सेन, नर्मदापुरम नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष अनोखी लाल राजोरिया, जिला कांग्रेस संगठन मंत्री मधुसूदन यादव, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलेश बाथरे, अनिल रैकवार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुराग मलैया, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, पूर्व नगर अध्यक्ष अजय सैनी, चंदू दुबे, अमित खत्री, मयंक कलोसिय, पुनीत शर्मा आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

