
सिवनी मालवा /बानापुरा / भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल सिवनी मालवा द्वारा बानापुरा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को किया याद…..
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान के विरोध में संघर्ष करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार आज भी देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
जिला अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद…….
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी, पूर्व जिला महामंत्री रघुवीर सिंह राजपूत, भाजपा वरिष्ठ नेता दिलीप अग्रवाल, महिला मोर्चा जिला महामंत्री श्रीमती मालती गौर, राजेश बथाव, नगर मंडल महामंत्री तुषार लोवंशी, अतुल बकोरिया, चन्द्रकांत कुशवाह, मनोज कपिल, अनुज वर्मा, अशोक धाकड़, गब्बर यदुवंशी एवं अनिल सेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्षद एवं मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की रही सहभागिता….
कार्यक्रम में नगर परिषद के पार्षदगण श्रीमती किरण राठौर, दुर्गेश उईके एवं हर्ष चौघड़िया सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का लिया संकल्प…..
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई।

