
सिवनी मालवा / ग्राम पंचायत बी जामनी के टोला खारी खेड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों की अगली किस्त लंबे समय से नहीं मिलने के कारण कई आवास अधूरे पड़े हुए हैं। इससे आदिवासी परिवारों को आगामी बारिश के मौसम में आवासीय समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीण देवलाल चौहान कोरकू ने बताया कि उन्हें लगभग एक वर्ष पहले पीएम आवास की पहली किस्त प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसके बाद से अब तक कोई अतिरिक्त किस्त नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि बरसात नजदीक है और मकान अधूरा होने के कारण परिवार को रहने में भारी परेशानी होने की आशंका है।
ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश कलमे ने बताया कि आवास योजना की राशि आए हुए एक वर्ष से अधिक समय हो चुका है। पंचायत स्तर से संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी है तथा कई बार चर्चा भी की गई है, लेकिन अब तक किस्त जारी नहीं हो सकी है।
वहीं पंचायत सचिव लवकुश रघुवंशी ने कहा कि किस्त जारी करने का अधिकार उच्च स्तर पर है । पंचायत द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि भुगतान में देरी के कारण ग्रामीणों को परेशानी हो रही है और कई बार नाराज हितग्राहियों के साथ विवाद जैसी स्थिति भी बन चुकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि अधूरे मकानों का निर्माण पूरा हो सके और बरसात के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

