


टिमरनी / भोपाल के बैडमिंटन हॉल में 20 एवं 21 जून को आयोजित सेंटर इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2026 में टिमरनी कराटे क्लास के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर टीम को ऑल ओवर चैंपियनशिप ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से टिमरनी एवं हरदा जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
प्रतियोगिता में आरती सांख्ले (60 किग्रा), अर्पण सांख्ले (60 किग्रा), अनिकेत भोरे (45 किग्रा), पर्थ (30 किग्रा), लाविका भिलाला (20 किग्रा), वैष्णवी रोहरे (30 किग्रा), टिया खरे (40 किग्रा), कृतिका भोरे (45 किग्रा), साक्षी जिंजोरे (35 किग्रा) एवं मोहित नगर (35 किग्रा) ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए। सानिध्य तिवारी (25 किग्रा) ने कुमिते में स्वर्ण एवं काता में रजत पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। अक्षत उमरिया (35 किग्रा) ने रजत पदक प्राप्त किया, जबकि राघव (35 किग्रा), अजय (50 किग्रा) एवं रानी सनोरिया (45 किग्रा) ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
कराटे प्रशिक्षक रितेश तिवारी ने बताया कि खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में मोना खरे एवं अर्पण सांख्ले का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने खिलाड़ियों का लगातार मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टिमरनी को ऑल ओवर चैंपियनशिप ट्रॉफी दिलाई है।
प्रतियोगिता से टीम के टिमरनी पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने मिठाई बांटकर, आतिशबाजी कर एवं ढोल-ताशों के साथ विजय जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। नगर में जगह-जगह खिलाड़ियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी गई।
इस अवसर पर तिनका सामाजिक संस्था की सचिव मना मंडलेकर ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी गणों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के माता-पिता का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग और विश्वास से बच्चे खेलों में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही संस्था से जुड़े दानदाताओं, शुभचिंतकों एवं मार्गदर्शकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिल रहा है।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं तथा भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।

