

नर्मदापुरम / 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नमन नर्मदा गार्डन में ब्रह्माकुमारी विद्यालय रसूलिया की ओर से विशेष योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग गुरु द्वारा उपस्थित सहभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सुनीता एवं ब्रह्माकुमारी तुलसा ने तनावमुक्त जीवन के लिए सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक जागरूकता तथा राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि नियमित मेडिटेशन से मन को शांति, एकाग्रता और आंतरिक शक्ति प्राप्त होती है, जिससे जीवन में सुख एवं संतुलन बना रहता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों एवं योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन के लिए योग तथा मेडिटेशन को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता से परिपूर्ण रहा।

