
सिवनी मालवा / बैंक ऑफ महाराष्ट्र सिवनी मालवा शाखा में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बैंक स्टाफ के साथ-साथ ग्राहकों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं स्थानीय व्यापारियों ने भी योगाभ्यास में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सामूहिक योग सत्र से हुआ। सभी उपस्थितजनों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन और अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। लगभग एक घंटे चले इस सत्र में सभी ने योग की बारीकियां सीखीं।
“योग स्वस्थ जीवन का आधार”…..
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक संतोष शर्मा ने उपस्थित सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति एवं राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। श्री शर्मा ने सभी से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया। बैंक प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी, कर्मचारी, खाताधारक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

