
इटारसी / न्यास कॉलोनी में महरागढ़ की पाइपलाइन को जोड़ने का कार्य प्रारंभ होने पर रहवासियों ने नगर पालिका परिषद का आभार व्यक्त किया और कहा कि वर्षों से जल संकट, कम दबाव और अनियमित जलापूर्ति की समस्या झेल रही न्यास कॉलोनी की जनता के लिए यह एक सकारात्मक और स्वागतयोग्य पहल है। यह कार्य क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष और लगातार उठाई गई मांगों का परिणाम है।
इस पाइपलाइन कनेक्शन से क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी और नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही नगर पालिका न्यास कॉलोनी की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी इसी प्रकार निरंतर प्रयास जारी रखे जाएँ।
इसके साथ ही एक महत्वपूर्ण मांग यह भी है कि केवल पानी की मात्रा ही नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विस्तारित पाइपलाइन नेटवर्क का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि भविष्य में नागरिकों को दूषित पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
वर्तमान में पाइपलाइन कार्य के लिए जिन स्थानों पर खुदाई की जा रही है, वहाँ नगर पालिका से उम्मीद है कि कार्य पूर्ण होने के बाद तत्काल समतलीकरण एवं मरम्मत का कार्य भी कराया जाएगा क्योंकि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में खुले गड्ढे और उबड़-खाबड़ सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से इस पहलू पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
साथ ही क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्माणाधीन जल टंकी का कार्य भी शीघ्र पूरा कर उसे संचालित किया जाएगा, जिससे जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। यदि पाइपलाइन और टंकी दोनों योजनाएँ समय पर पूर्ण होती हैं, तो न्यास कॉलोनी के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही जल समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।
क्षेत्र की जनता ने नगर पालिका परिषद को धन्यवाद ज्ञापित किया कि जिन्होंने जनता की आवाज़ को सुना और इस दिशा में सार्थक कदम उठाया। अब अपेक्षा है कि यह कार्य पूरी गुणवत्ता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाएगा।

