
नर्मदापुरम / 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 13 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी के कैडेट्स द्वारा आज स्थानीय हर्बल पार्क घाट में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “एक पृथ्वी, स्वास्थ्य जीवन के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीनियर एवं जूनियर डिवीजन के 150 से अधिक कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस.पी सिंह, एडम आफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक के निर्देशानुसार सम्पन्न हुआ। आर्ष गुरुकुल के योग प्रशिक्षकों द्वारा कैडेट्स को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों पर भी फर्स्ट आफिसर विजय गौर द्वारा प्रकाश डाला गया।
बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने अपने संदेश में कहा कि, “एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक एकाग्रता भी बढ़ाता है, जो एक कैडेट के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
विश्व योग दिवस के अवसर पर 13 एमपी बटालियन एनसीसी नर्मदापुरम के सिविल स्टाफ एनसीसी अधिकारी विजय प्रकाश श्रीवास्तव संतोष अहिरवार शेख कमर एवं अन्य एनसीसी अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। यह आयोजन पूरी तरह अनुशासित एवं ऊर्जा से भरपूर रहा। कार्यक्रम का संयोजन सुबेदार मेजर बी सी तिलक, ट्रेनिंग जेसीओ मेहराम एवं अन्य जेसीओ, एनसीओ के द्वारा किया गया।

