

नर्मदापुरम / नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, होशंगाबाद में 21 जून को 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संचालक श्री अरुण शर्मा जी ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने बताया कि नियमित योग से तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और विद्यार्थी अपने लक्ष्य को बेहतर तरीके से प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और स्वास्थ्य को जोड़ने के लिए वे सदैव प्रयासरत रहते हैं।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कॉमर्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय भार्गव ने भी मानसिक संतुलन के लिए योग की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। योगाभ्यास में प्रवीण मीना, डॉ. डॉली जैन, रवि शंकर मिश्रा, डॉ. ज्योति तिवारी, प्रेम असवार, गुलाब यादव, रवि, राजेश यादव एवं राम सिंह राजपूत के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम और ध्यान का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लेकर पूरे माहौल को ऊर्जावान बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदया ने सभी स्टाफ और विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया और योग को जीवनशैली में अपनाने का संकल्प दिलाया।
पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का माहौल रहा, जिसने इस आयोजन को यादगार बना दिया। साथ ही महाविद्यालय के स्टॉफ एवं विद्यार्थियों द्वारा सेठानी घाट में सामूहिक योग में भाग लिया।

