
नर्मदापुरम / 2वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिले में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की निर्धारित थीम “स्वस्थ आयु के लिये योग” (Yoga for Healthy Ageing) है। जिला स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक सेठानी घाट, नर्मदापुरम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नर्मदापुरम डॉ. सीतासरन शर्मा करेंगे। वहीं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगी।
विशेष अतिथियों के रूप में विधायक सोहागपुर विजयपाल सिंह, विधायक सिवनी मालवा प्रेमशंकर वर्मा, विधायक पिपरिया ठाकुरदास नागवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल तथा नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम की अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव की उपस्थिति रहेगी। योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी प्राकृतिक वादियों के बीच सूर्य नमस्कार गार्डन पार्क में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों एवं पर्यटकों के सहभागिता करने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रातः 6 बजे अतिथियों का स्वागत एवं आगमन, अतिथियों के उद्बोधन होगा। तत्पश्चात कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जायेगा एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण एवं उद्बोधन को सुना जाएगा। इसके उपरांत सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समापन होगा।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।

