
नर्मदापुरम / अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला नर्मदापुरम द्वारा जिले के सभी 24 मंडलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिला भाजपा कार्यालय में भी पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता से सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पार्टी द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। योग दिवस के अवसर पर कार्यकर्ता आमजन को भी योग अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम जिला संयोजक लोकेश तिवारी ने बताया कि जिले के सभी 24 मंडलों में सुबह योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। जिला कार्यालय नर्मदापुरम में सुबह 7 बजे आयोजित योग कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेगें।
श्री तिवारी ने जिले के सभी मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से योग दिवस कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पार्टी का उद्देश्य योग के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना है।

