
नर्मदापुरम / कौशल श्री विकास समिति द्वारा आयोजित “प्रतिभा का उत्सव “भविष्य की तैयारी” थीम पर आधारित प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य सोमेश परसाई ने अपने उद्बोधन में कहा कि “केवल अंक ही सफलता का मापदंड नहीं हैं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और सतत परिश्रम व्यक्ति को जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि “आज का विद्यार्थी ही कल का नेतृत्वकर्ता है। शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध भी आवश्यक है।” उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष नर्मदापुरम नीतू यादव, समाजसेवी अजय सैनी एवं समाजसेवी शक्ति सिंह रघुवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समिति अध्यक्ष सतीश बिल्लौरे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि “प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के अवसरों, उच्च शिक्षा एवं करियर की सही दिशा से जोड़ना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।”
कार्यक्रम में विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन भी किया गया। इस दौरान रवीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी से डॉ. अनिल तिवारी, एलएनसीटी ग्रुप से प्रो. निलेश सिंह एवं प्रेस्टीज ग्रुप से डॉ. दीपक अग्रवाल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति की ओर से मनीष बिल्लौरे, राकेश बावरिया, राजेश गंधेवार, चेतन रैकवार, राकेश पांडे एवं सलोनी सराठे, नर्मदा प्रसाद वर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अतुल बिल्लौरे एवं सुनील सोनी द्वारा किया गया।
अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।

