
इटारसी / कृषि उपज मंडी समिति इटारसी ने व्यापारियों के आवेदनों के चलते एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। समिति द्वारा जारी 23 जून 2026, मंगलवार को मंडी प्रांगण में नीलामी का कार्य पूर्णतः बंद रहेगा।
मंडी सचिव द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि सकल अनाज दलहन तिलहन व्यापारी महासंघ समिति इंदौर के आह्वान पर दी ग्रेन आईल सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन एवं न्यू ग्रेन एण्ड आईल सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन ने मंडी कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। इसी आवेदन के आधार पर 23 जून को नीलामी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मंडी समिति ने जिले के समस्त किसानों से अनुरोध किया है कि वे 23 जून मंगलवार को अपनी कृषि उपज विक्रय हेतु मंडी प्रांगण में न लाएं क्योंकि उस दिन कोई नीलामी नहीं होगी।
इसके साथ ही समिति ने स्पष्ट किया है कि 22 जून सोमवार को मंडी में कृषि उपज का प्रवेश केवल दोपहर 12:00 बजे तक ही दिया जाएगा। दोपहर 12 बजे के बाद मंडी के गेट बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी उपज का प्रवेश नहीं होगा।

