
इटारसी / महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी युवा संगठन, दक्षिणांचल भोपाल द्वारा आयोजित पिकलबॉल डबल्स टूर्नामेंट में इटारसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
इटारसी का परचम….
फाइनल मुकाबले में इटारसी के श्रीकांत मौलासरिया एवं विपिन चांडक की जोड़ी ने अपने उत्कृष्ट खेल और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए विरोधी टीम को पराजित किया। पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। कोर्ट पर उनकी फुर्ती, सटीक शॉट्स और आपसी समझ ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
समाज में हर्ष की लहर…..
इस जीत की खबर मिलते ही इटारसी माहेश्वरी समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। समाज के वरिष्ठजनों ने दोनों विजेताओं को फोन पर बधाई दी। माहेश्वरी युवा संगठन, दक्षिणांचल भोपाल के पदाधिकारियों ने विजेता जोड़ी को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
खेल से बढ़ रहा समाज का नाम……
आयोजकों ने बताया कि महेश नवमी पर खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनमें टीम भावना विकसित करना है। श्रीकांत और विपिन की यह जीत अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी। इटारसी माहेश्वरी समाज ने दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है

