
सिवनी मालवा / पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार को लेकर ग्राम गाजनपुर में सामूहिक जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार सेक्टर क्रमांक-04 मालापाट अंतर्गत ग्राम गाजनपुर में सीड बॉल निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कुल 782 सीड बॉल तैयार कीं।
कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था जीवनदायनी समाज सेवा समिति गाजनपुर के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गाजनपुर द्वारा किया गया। इस दौरान संस्था अध्यक्ष सुनील सिंगोरिया, संयुक्त सचिव काजल रघुवंशी, सदस्य उमाशंकर यदुवंशी, पत्रकार सत्यनारायण साध, हरियाली सखी रजनी साध एवं रेखा सिंगोरिया सहित युवा, महिलाएं और बच्चों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रतिभागियों ने मिलकर नीम, जामुन, आम, अर्जुन एवं कोसुम जैसे उपयोगी एवं पर्यावरण हितैषी वृक्षों के बीजों को मिट्टी में सुरक्षित कर सीड बॉल तैयार कीं। इन सीड बॉल को आगामी दिनों में बंजर भूमि, पहाड़ी क्षेत्रों तथा सड़क किनारे खाली स्थानों पर फैलाया जाएगा, जहां वर्षा के साथ बीज अंकुरित होकर हरियाली का नया संसार रचेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार सीड बॉल तकनीक बीजों को अंकुरण तक सुरक्षित रखने का सरल एवं प्रभावी माध्यम है। मिट्टी का आवरण बीजों को पक्षियों, जानवरों एवं अन्य प्राकृतिक बाधाओं से बचाता है, जिससे पौधों के विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है।
संस्था अध्यक्ष सुनील सिंगोरिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। वहीं हरियाली सखी रजनी साध ने कहा कि आज लगाए गए बीज कल विशाल वृक्ष बनकर गांव को छाया, स्वच्छ हवा और प्राकृतिक सौंदर्य प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में समिति सदस्यों ने संकल्प लिया कि क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण आधारित कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

