
सिवनी मालवा / गौसेवा से जुड़े 14 लोगों को सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा के मामले को लेकर सिवनी मालवा क्षेत्र की युवा टीम एवं गौसेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रेमशंकर वर्मा से उनके बघवाड़ा स्थित कार्यालय पर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मामले से जुड़ी अपनी भावनाएं, चिंताएं और अपेक्षाएं विधायक के समक्ष रखीं।
बैठक में उपस्थित युवाओं और गौसेवा से जुड़े लोगों ने सजा पाए व्यक्तियों के पक्ष में न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर चर्चा की। विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए उन्हें वैधानिक और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ने की सलाह दी।
उच्च न्यायालय में अपील की तैयारी पर जोर…..
चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि मामले में उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हुए अपील की जाएगी और कानूनी माध्यम से पक्ष को मजबूती के साथ रखा जाएगा। विधायक वर्मा ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया के अंतर्गत उपलब्ध सभी वैधानिक विकल्पों का उपयोग किया जाना चाहिए तथा इस दिशा में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायालय में सभी तथ्यों और परिस्थितियों को विधिसम्मत तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे संबंधित पक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी बात…..
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि युवा साथियों के साथ मिलकर इस विषय को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भी रखा जाएगा। उद्देश्य यह रहेगा कि मामले से जुड़े पक्ष की भावनाएं और तथ्य उचित मंच तक पहुंच सकें तथा न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में रहते हुए आवश्यक प्रयास किए जा सकें।
शांति और संयम बनाए रखने की अपील…..
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने सभी उपस्थित लोगों से संविधान, न्यायपालिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में वैधानिक और शांतिपूर्ण मार्ग ही सबसे प्रभावी माध्यम होता है। बैठक में मौजूद युवाओं और गौसेवा से जुड़े साथियों से संयम, एकता और शांति बनाए रखते हुए कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ने का आग्रह किया गया।
बैठक के दौरान क्षेत्र के अनेक युवा और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा सभी ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की रणनीति पर अपने विचार साझा किए।

