

नर्मदापुरम / मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी के समीप एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 38 वर्षीय आशा यादव (पति मांगीलाल यादव) के रूप में हुई है, जो आरोपी गणपत चौरे के साथ एक किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी नंदविहार कॉलोनी के समीप कार्य करता था।
विवाद के बाद ताबड़तोड़ किए वार….
कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार, यह खूनी संघर्ष मंगलवार की दोपहर करीब 3:30 बजे नंदविहार क्षेत्र में हुआ। दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्साए गणपत ने आशा के पेट और गर्दन के निचले हिस्से (सीने) पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से जख्मी महिला को कुछ बच्चियों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया। शुरुआती इलाज के दौरान पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने गणपत चौरे के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
अटेंडर न होने से नहीं हो सका भोपाल रेफर, ICU में तोड़ा दम….
अस्पताल के डॉक्टर उदित भट्ट ने जानकारी दी कि जब महिला को अस्पताल लाया गया, तब उसके पेट और सीने पर चाकू के तीन गहरे निशान थे और अत्यधिक खून बह रहा था। नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर करने की सलाह दी थी, परंतु महिला के साथ कोई भी अटेंडर या मददगार मौजूद नहीं होने के कारण उसे स्थानीय जिला अस्पताल के आईसीयू (ICU) में ही भर्ती रखना पड़ा। लगभग 28 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार गुरुवार की रात उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
घर पर लटका मिला ताला, पड़ोसी भी हुए गायब…..
महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और साक्ष्य जुटाने के लिए लाइफ स्टाइल कॉलोनी स्थित उनके किराए के घर पहुँची। पुलिस को उस मकान पर ताला जड़ा हुआ मिला। जाँच में यह भी सामने आया कि वारदात के अगले ही दिन दोपहर में पड़ोस के कमरे में रहने वाली एक अन्य महिला किराएदार भी अपना कमरा खाली करके अचानक कहीं चली गई। पुलिस ने आस-पड़ोस के लोगों से इस संबंध में पूछताछ कर जानकारी जुटाई है।
आरोपी और मृतका के परिजनों की तलाश जारी…..
वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी लिव-इन पार्टनर गणपत चौरे मौके से फरार है। पुलिस गुरुवार रात से ही उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही, पुलिस मृतका आशा यादव के मूल निवास स्थान का पता लगाने और उसके परिजनों को खोजने का प्रयास भी कर रही है ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके।

