
सिवनी मालवा / मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार सेक्टर क्रमांक-04 मालापाट अंतर्गत ग्राम झाड़वीड़ा में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से सीड बॉल निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था जीवनदायनी समाज सेवा समिति गाजनपुर के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति झाड़वीड़ा द्वारा 468 सीड बॉल तैयार की गईं।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कालूराम प्रजापति, सचिव प्रेमनारायण राजपूत, बीएसडब्ल्यू छात्रा कीर्ति राजपूत एवं श्रद्धा पाल सहित ग्राम के युवा, महिलाएं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर नीम, जामुन, आम, अर्जुन एवं कोसुम के बीजों को मिट्टी में मिश्रित कर सीड बॉल का निर्माण किया।
आयोजकों ने बताया कि तैयार की गई सीड बॉल को बंजर भूमि, पहाड़ी क्षेत्रों तथा सड़क किनारे खाली स्थानों पर फैलाया जाएगा। वर्षा होने पर मिट्टी के आवरण में सुरक्षित बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप लेंगे। मिट्टी की परत बीजों को अंकुरण तक कीट-पतंगों, पक्षियों एवं अन्य जीवों से सुरक्षा प्रदान करती है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं हरियाली बढ़ाने के लिए जनजागरण का संदेश भी दिया। ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार के सामूहिक प्रयास भविष्य में क्षेत्र को अधिक हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

