
सिवनी मालवा / भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर नकेल कसने के लिए सिवनी मालवा तहसील में एक अनूठी पहल की गई है। तहसीलदार ने अपने चैंबर के बाहर अपना निजी मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया है और स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि “अगर कोई भी कर्मचारी काम के बदले पैसे मांगे तो तुरंत इस नंबर पर सूचना दें।”
क्या है पूरा मामला…..
तहसील कार्यालय में अक्सर आम लोगों को राजस्व संबंधी कामों जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय-जाति प्रमाण पत्र आदि के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार शिकायतें मिलती थीं कि कुछ कर्मचारी काम कराने के एवज में अवैध रूप से पैसे की मांग करते हैं। इन्हीं शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए तहसीलदार ने यह कदम उठाया है।
तहसीलदार ने चैंबर के बाहर एक बोर्ड लगवाया है, जिस पर उनका मोबाइल नंबर लिखा है। साथ ही संदेश दिया गया है कि कार्यालय में किसी भी प्रकार की रिश्वत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई बाबू, पटवारी या अन्य कर्मचारी पैसे की मांग करता है तो पीड़ित सीधे तहसीलदार को कॉल या व्हाट्सएप पर शिकायत कर सकता है।
तहसीलदार का बयान…..
तहसीलदार ने कहा, “सरकार की मंशा है कि आम जनता को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था मिले। मेरा प्रयास है कि तहसील में बिना रिश्वत के हर काम समय पर हो। अगर किसी से भी पैसे मांगे जाते हैं तो वह डरे नहीं, तुरंत मुझे बताएं। दोषी कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
जनता ने की सराहना…..
तहसीलदार की इस पहल की आम जनता और आवेदकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि इससे भ्रष्ट कर्मचारियों में डर बनेगा और गरीब-मजदूर वर्ग को राहत मिलेगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और तुरंत जांच कर कार्रवाई की जाएगी,

