
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खनिज विभाग द्वारा ग्राम होरियापीपर, तहसील नर्मदापुरम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध उत्खनन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया। जप्त वाहन को नियमानुसार आरटीओ परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। संबंधित प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नदियों में रेत परिवहन हेतु बनाए गए संभावित अस्थायी मार्गों को भी चिन्हित कर नष्ट किया जा रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

