

नर्मदापुरम/ जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में पर्यटन नगरी पचमढ़ी के बाइसन लॉज (Bison Lodge) में एक दिवसीय भव्य आम महोत्सव (Mango Festival) का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय लिडवानी, पवन झा, संजीव जायसवाल, शिशिर राठी, कमलेश जैन, महेश कनौजिया एवं धर्मदास साहू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आम महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले में आम की बागवानी को प्रोत्साहित करना, विभिन्न प्रजातियों के आमों का प्रदर्शन करना तथा स्थानीय बागवानों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा। महोत्सव में नर्मदापुरम जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसानों एवं बागवानों द्वारा अपने बगीचों के चुनिंदा, रसीले एवं दुर्लभ किस्म के आमों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी में पारंपरिक लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, मल्लिका, चौसा, बॉम्बे ग्रीन, तोतापरी, अल्फांसो, केसर, हिमसागर, बादामी, सफेदा, मालगोवा एवं देसी आम सहित अनेक स्थानीय एवं उन्नत प्रजातियों के आम आकर्षण का केंद्र रहे। पचमढ़ी आए पर्यटकों एवं आमजन ने मैंगो फेस्टिवल का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। लोगों ने विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद चखा तथा उनकी खरीदारी भी की।
कार्यक्रम के दौरान उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की उप संचालक श्रीमती रीता उईके ने विभागीय योजनाओं एवं बागवानी के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग का प्रयास है कि जिले के बागवानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य एवं पहचान मिल सके। पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर आम महोत्सव के आयोजन से स्थानीय किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध हो रहा है तथा पर्यटकों को क्षेत्र की समृद्ध कृषि संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में साडा से श्री नागवंशी सहित उद्यानिकी विभाग के एस.एन. राय सहायक संचालक उद्यान, श्री गिरी, हीरेश पटेल, पवन रघुवंशी, विकास अबहरी, आशीष ठाकुर, अमित पाण्डेय, दुर्गेशचन्द्र बरोदे, भवानी सिंह, सदाशिव कनाटे, राजू गुर्जर, श्रवण ओसारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

