
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं पंचायत विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अनुविभाग सोहागपुर की विभिन्न सहकारी समितियों में लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में कृषि विभाग के अधिकारियों, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों द्वारा किसानों के एग्रीस्टैक (AgriStack) पोर्टल पर पंजीयन एवं ई-टोकन जनरेट करने की कार्रवाई की जा रही है। किसानों को समिति स्तर पर ही आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी क्रम में आज विभिन्न सहकारी समितियों में आयोजित शिविरों के दौरान किसानों के लिए 57 ई-टोकन जनरेट किए गए। प्रशासन का सतत प्रयास है कि प्रत्येक पात्र किसान को आवश्यक उर्वरक समय पर उपलब्ध हो सके, जिससे खरीफ फसल की तैयारी प्रभावित न हो तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

