

नर्मदापुरम / खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर “आरोह 2026” का समापन समारोह हॉकी टर्फ मैदान पर आयोजित किया गया। 15 अप्रैल से 31 जून 2026 तक आयोजित इस शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोहित फौजदार, डॉ. अतुल सेठा, डॉ. आशीष चटर्जी एवं विधायक प्रतिनिधि रमेश उपरारिया सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री उमा पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान खिलाड़ियों को प्रतिदिन विभिन्न खेल एवं गतिविधियों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इनमें फिजिकल फिटनेस, मैच अभ्यास, जूडो-कराटे, कुराश, मेहंदी, पेंटिंग, रंगोली, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, तैराकी, ट्रायथलॉन, साइक्लिंग, मैराथन, गुड टच-बैड टच विषय पर जागरूकता सत्र तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर द्वारा मोटिवेशनल सेशन शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. अतुल सेठा, संचालक कैंसर अस्पताल द्वारा 25 प्रशिक्षकों को ट्रैकसूट वितरित किए गए। दीपक पचलानिया द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। वहीं रोहित फौजदार द्वारा एशियाई मेडलिस्ट खिलाड़ी अंश बहुत्रा, महक परिहार एवं कोच जयसिंह भदौरिया तथा पवन कुमार का सम्मान किया गया।
समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उभरते खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही ब्लॉक पिपरिया के ब्लॉक समन्वयक प्रीतम पुरवरिया को खेल गतिविधियों के नियमित संचालन एवं अधिक पंजीयन कराने पर तथा ब्लॉक नर्मदापुरम में अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन कराने पर ब्लॉक समन्वयक महेंद्र पचलानिया को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कराते का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आरती शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने प्रदेश स्तर पर नर्मदापुरम के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए जिले को खेल हब के रूप में विकसित करने हेतु सभी प्रशिक्षकों एवं कोचों से सहयोग की अपील की। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की भी प्रशंसा की।

